पाकुड़ के महेशपुर में घर के आंगन में मिला युवक का शव, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
Pakud News

पाकुड़: घर के आंगन में आम के पेड़ से लटका मिला 35 वर्षीय युवक का शव, गांव में मची सनसनी
रिपोर्ट : केशव तिवारी, पाकुड़ ब्यूरो संवाददाता
महेशपुर (पाकुड़)। महेशपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव स्थित जोग माझी टोला में शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई। यहां 35 वर्षीय समीर हेम्ब्रम का शव उनके ही घर के आंगन में आम के पेड़ से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में सनसनी फैल गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर महेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की।
सुबह आठ बजे ग्रामीणों की पड़ी नजर
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने घर के आंगन में आम के पेड़ से साड़ी के सहारे समीर का शव लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और शव को अपने कब्जे में लिया।
पारिवारिक विवाद की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। बताया जाता है कि समीर को शराब सेवन की आदत थी, जिसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। इसी विवाद के चलते उनकी पत्नी कुछ माह पूर्व मायके चली गई थी। समीर के तीन छोटे-छोटे बच्चे हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
समाचार लिखे जाने तक पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया में जुटी थी। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल युवक की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
![]()




