साहिबगंज की आइसक्रीम फैक्ट्री में तीन बाल श्रमिक मुक्त, मालिक पर FIR दर्ज
Jharkhand News

रिपोर्ट निक्कू दूबे,
साहिबगंज :-जिन नन्हे हाथों में किताबें और कलम होनी चाहिए, उनसे फैक्ट्री में मजदूरी कराए जाने का मामला सामने आया है। साहिबगंज के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के छोटी कोदरजन्ना स्थित फेवरेट आइसक्रीम फैक्ट्री में श्रम विभाग की छापेमारी के दौरान तीन बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। कार्रवाई के बाद फैक्ट्री मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस कार्रवाई ने इलाके में बाल श्रम के मुद्दे को एक बार फिर सामने ला दिया है।
श्रम विभाग की दबिश,फैक्ट्री में मचा हड़कंप
श्रम अधीक्षक महफूज अहमद के नेतृत्व में गठित धावा दल ने फैक्ट्री में अचानक छापेमारी की। टीम की कार्रवाई के दौरान परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जांच के दौरान तीन बच्चे मजदूरी करते मिले। टीम ने तत्काल उन्हें मुक्त कराया। हालांकि, छापेमारी के वक्त फैक्ट्री मालिक मौके पर मौजूद नहीं थे।

बाल संरक्षण से लेकर चाइल्ड हेल्पलाइन तक की टीम शामिल
कार्रवाई में जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, चाइल्ड हेल्पलाइन और मंथन संस्था के प्रतिनिधि शामिल थे। संयुक्त टीम ने बच्चों को मुक्त कराने के बाद उनके संरक्षण से जुड़ी प्रक्रिया आगे बढ़ाई।
बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश, कराई गई काउंसलिंग
रेस्क्यू किए गए तीनों बच्चों को साहिबगंज बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया। उनकी काउंसलिंग भी कराई गई, ताकि उनकी परिस्थितियों को समझते हुए आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
मालिक पर FIR, बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई से बढ़ी सख्ती
फैक्ट्री में बच्चों से मजदूरी कराए जाने के मामले में मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया अपनाई जा रही है। इस घटना ने बाल श्रम पर रोक लगाने और बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की जरूरत को फिर रेखांकित किया है।
![]()




