दुर्गापूजा को लेकर पाकुड़ पुलिस हाई अलर्ट,12 क्यूआरटी संभालेंगी मोर्चा
पूजा पंडालों से संवेदनशील ठिकानों तक कड़ा पहरा, दंगा नियंत्रण उपकरणों से लैस रहेंगे जवान:सोशल मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर

पाकुड़ संवाददाता:- दुर्गापूजा और दशहरा के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर पाकुड़ पुलिस की पैनी नजर रहेगी। पर्व के मद्देनजर जिला पुलिस हाई अलर्ट पर है। विधि-व्यवस्था को लेकर सुरक्षा का मजबूत घेरा तैयार किया गया है। जिले के विभिन्न पूजा पंडालों, मंदिरों, संवेदनशील व धार्मिक स्थलों और प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों की तैनाती की गयी है। वहीं, किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटने के लिए 12 त्वरित कार्रवाई दल (क्यूआरटी) को तैयार रखा गया है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के विभिन्न थानों में तैनात क्यूआरटी को सुरक्षा और दंगा नियंत्रण से जुड़े आवश्यक उपकरणों के साथ मुस्तैद रहने का निर्देश दिया गया है। क्यूआरटी के जवान हेलमेट, लाठी, बॉडी प्रोटेक्टर और टीजी गन सहित जरूरी उपकरणों से लैस रहेंगे, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।

अनुमति के बिना ड्यूटी स्थल छोड़ने पर रोक
सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक न हो, इसके लिए क्यूआरटी प्रभारियों की जिम्मेदारी तय कर दी गयी है। संबंधित थाना या ओपी प्रभारी की अनुमति के बिना क्यूआरटी प्रभारी अपना निर्धारित स्थल नहीं छोड़ सकेंगे। पुलिस का जोर संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखने और किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर है।
असामाजिक तत्वों पर शिकंजा, सोशल मीडिया की भी निगरानी
दुर्गापूजा के दौरान शांति और सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्व पुलिस के रडार पर रहेंगे। सोशल मीडिया पर भी लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि भ्रामक और भड़काऊ पोस्ट के जरिये माहौल बिगाड़ने की कोशिशों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। विधि-व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों, गृहरक्षकों और चौकीदारों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने का निर्देश दिया गया है।
शांतिपूर्ण पर्व संपन्न कराना प्राथमिकता
पुलिस प्रशासन का लक्ष्य दुर्गापूजा और दशहरा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है। इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए बलों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
![]()




