पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर छठ गीतों की गूंज, भक्तिमय हुआ माहौल
‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल’ जैसे पारंपरिक लोकगीतों से भक्तिमय हुआ स्टेशन परिसर, छठ को लेकर शहर में भी बढ़ी रौनक

पाकुड़ रेलवे स्टेशन पर छठ गीतों की गूंज, स्टेशन पर उतरते ही यात्रियों को हो रहा महापर्व का एहसास
रिपोर्ट : केशव तिवारी,
पाकुड़। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर पाकुड़ में भक्तिमय माहौल बनने लगा है। पर्व की दस्तक के साथ ही पाकुड़ रेलवे स्टेशन छठ के पारंपरिक गीतों से गूंज उठा है। स्टेशन परिसर में बज रहे मधुर छठ गीत यात्रियों और श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहे हैं। खासकर ‘केलवा के पात पर उगेलन सूरजमल…’ जैसे सदाबहार लोकगीत लोगों को छठ की आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति से जोड़ रहे हैं।
स्टेशन पर उतरते ही छठमय माहौल का एहसास
पाकुड़ रेलवे स्टेशन पहुंचने वाले यात्रियों को स्टेशन पर कदम रखते ही छठ महापर्व की रौनक का एहसास हो रहा है। छठ गीतों की गूंज से पूरा परिसर भक्तिमय नजर आ रहा है। कई यात्री मधुर धुनों को सुनने के लिए कुछ देर ठहर जा रहे हैं, तो कुछ अपने मोबाइल में इन गीतों को रिकॉर्ड करते भी दिखाई दे रहे हैं। स्टेशन पर छठ गीत बजाने की इस पहल से पर्व का उत्साह और बढ़ गया है।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर रेल प्रशासन की नजर
छठ पर्व के दौरान यात्रियों और श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन की ओर से सुविधा, सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। प्रयास है कि पर्व के दौरान यात्रियों और व्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो तथा वे सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से अपनी यात्रा पूरी कर सकें।

घाटों की सफाई और रोशनी की व्यवस्था में जुटा जिला प्रशासन
इधर, जिला प्रशासन भी छठ घाटों की साफ-सफाई, रोशनी, पेयजल और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त करने में जुटा है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर भी छठ गीतों की धुन सुनाई दे रही है। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, यातायात नियंत्रण और आपातकालीन सेवाओं को लेकर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
प्रशासन की ओर से व्रतियों और श्रद्धालुओं से सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की जा रही है। चारों ओर छठ गीतों की गूंज और तैयारियों के बीच पाकुड़ में महापर्व का उत्साह अब धीरे-धीरे चरम पर पहुंचने लगा है।
![]()





