मुर्शिदाबाद में मिलावटी हल्दी का खुलासा, 27 क्विंटल आटा जब्त
हल्दी बनाने के कारोबार का भंडाफोड़, 27 क्विंटल चावल का आटा समेत 50 किलो रंग जब्त; मिल संचालक गिरफ्तार

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का : जिस हल्दी को लोग खाने का स्वाद और रंग बढ़ाने के लिए इस्तेमाल करते हैं, उसी के नाम पर मिलावट का खेल चल रहा था। पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में समशेरगंज थाना पुलिस ने मलोंचा गांव स्थित एक मिल में छापेमारी कर कथित मिलावटी हल्दी बनाने के कारोबार का खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से 27 क्विंटल चावल का आटा और 50 किलो केमिकलयुक्त रंग समेत भारी मात्रा में सामग्री जब्त की है। मामले में मिल संचालक सलीम शेख को गिरफ्तार किया गया है।

गुप्त सूचना पर पहुंची पुलिस, मिल में मिला संदिग्ध सामान
पुलिस के अनुसार, बीती रात गुप्त सूचना मिली थी कि मलोंचा गांव स्थित सलीम शेख की मिल में मिलावटी हल्दी और अन्य मसाले तैयार किए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर समशेरगंज थाना पुलिस ने मिल में छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से करीब 30 क्विंटल हल्दी बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई। कार्रवाई के बाद इलाके में मिलावट के इस कथित कारोबार को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
54 बोरियों में भरा था 27 क्विंटल चावल का आटा
समशेरगंज थाना के आईसी कुणाल कांति दास ने प्रेसवार्ता कर मामले की जानकारी दी। फरक्का एसडीपीओ दीपेंद्र तामांग के मुताबिक, पुलिस ने 50-50 किलो की 54 बोरियों में रखा करीब 27 क्विंटल चावल का आटा (तुस) जब्त किया है। इसके अलावा 50 किलो की एक बोरी केमिकलयुक्त रंग भी बरामद किया गया है। पुलिस को आशंका है कि इन सामग्रियों का इस्तेमाल मिलावटी हल्दी तैयार करने में किया जा रहा था।
जांच के लिए भेजी जाएगी सामग्री, खुलेगा मिलावट का राज
पुलिस ने जब्त सामग्री की जांच कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद पदार्थों की प्रकृति क्या है और उनका इस्तेमाल किस तरह किया जा रहा था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।
किन बाजारों तक पहुंच रही थी हल्दी, नेटवर्क की तलाश
मिल संचालक सलीम शेख की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि कथित मिलावटी हल्दी की आपूर्ति किन-किन इलाकों में की जाती थी। साथ ही, इस कारोबार में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है। जांच का दायरा बढ़ने के साथ ही मिलावट के इस कथित नेटवर्क से जुड़े और तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
![]()




