फरक्का में 980 ग्राम हेरोइन के साथ चार तस्कर गिरफ्तार,कीमत दो करोड़ से अधिक
Pakud News

फरक्का (संवाददाता)। फरक्का थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 980 ग्राम हेरोइन के साथ चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद हेरोइन की अनुमानित कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर न्यू फरक्का स्थित पवित्र होटल के सामने की गई।

मालदा से लाकर बिहार भेजने की थी योजना
पुलिस को सूचना मिली थी कि मालदा निवासी सरफराज शेख हेरोइन की बड़ी खेप लेकर न्यू फरक्का पहुंचने वाला है। यहां उसे बिहार के बेगूसराय से आए तीन युवकों को हेरोइन सौंपनी थी, जिसके बाद इसे बिहार ले जाने की योजना थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर निगरानी बढ़ा दी और संदिग्ध गतिविधि देखते हुए चारों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से 980 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
मालदा और बेगूसराय के हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मालदा निवासी सरफराज शेख तथा बिहार के बेगूसराय निवासी साकेत कुमार, अंकित कुमार और भिविस कुमार के रूप में हुई है।
फरक्का थाना प्रभारी अमित मुखर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। इस दौरान फरक्का एसडीपीओ दीपेन्द्र तामांग और जंगीपुर पुलिस जिला के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सजल कांति विश्वास भी मौजूद रहे।
नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच जारी है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी, ताकि हेरोइन की आपूर्ति श्रृंखला और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाया जा सके।
पहले भी हुई थी बड़ी बरामदगी
गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पहले भी फरक्का पुलिस ने 510 ग्राम हेरोइन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनमें बिहार के बांका निवासी दो और मालदा के कालियाचक निवासी एक आरोपी शामिल था।
![]()




