छत की टॉली (खपरैल) खोलकर घर में घुसे चोर, नकदी और सोने की बाली लेकर फरार
Pakud News

मंगलहाट/साहिबगंज : राजमहल थाना क्षेत्र के मलाहीटोला गांव में शुक्रवार देर रात चोरों ने दुस्साहसिक तरीके से एक घर को निशाना बनाया। घर के पीछे के रास्ते छत पर चढ़े चोरों ने टॉली (खपरैल) हटाकर अंदर प्रवेश किया और संदूक में रखे सोने के आभूषण, नकदी समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गए। घटना का पता शनिवार सुबह चला, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। पीड़िता आरती बेवा (50) के अनुसार, चोरी में करीब 40 से 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है।

बरामदे में सोती रही महिला, घर के अंदर वारदात
पीड़िता आरती बेवा ने बताया कि शुक्रवार रात खाना खाने के बाद वह रोज की तरह घर के बरामदे में सो रही थीं। देर रात अज्ञात चोर घर के पीछे से छत पर चढ़े और टॉली (खपरैल) हटाकर अंदर घुस गए। इसके बाद चोरों ने कमरे में रखे संदूक को खंगाला और उसमें रखी चार आना सोने की कान की बाली, 1,000 रुपये नकद और मोबाइल का चार्जर लेकर फरार हो गए।
चोरों ने इतनी खामोशी से वारदात को अंजाम दिया कि घर में सो रही महिला को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सुबह छत खुली मिली तो मचा हड़कंप
शनिवार सुबह आरती बेवा की नजर घर की खुली छत पर पड़ी। अंदर जाने पर उन्हें चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने तत्काल अपने पुत्र सेंटू यादव और अन्य परिजनों को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजनों ने घर की जांच की तो संदूक से नकदी और सोने के आभूषण गायब मिले।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही राजमहल थाना के दरोगा राम शंकर झा पुलिस बल के साथ मलाहीटोला पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पीड़िता और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई।
पीड़िता ने आसपास के कुछ लोगों पर चोरी की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक थाने में लिखित आवेदन देने की प्रक्रिया चल रही थी।
![]()




