तालझारी में 400 परिवारों को मिला अबुआ आवास, 2152 गृह प्रवेश का लक्ष्य
झारखंड स्थापना दिवस पर 400 परिवारों को मिला अबुआ आवास का तोहफा, कराया गया गृह प्रवेश

रिपोर्ट : निशांत कुमार,
तालझारी में 2152 परिवारों को गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य, पंचायत स्तर पर विशेष अभियान शुरू
तालझारी। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर तालझारी प्रखंड में अबुआ आवास योजना के लाभुक परिवारों के लिए खुशियों का माहौल रहा। वर्षों से पक्के मकान का सपना देख रहे परिवारों को अपने नए आशियाने में प्रवेश करने का अवसर मिला। मंगलवार को प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में आयोजित विशेष अभियान के तहत करीब 400 लाभुक परिवारों को अबुआ आवास की चाबी सौंपकर विधिवत गृह प्रवेश कराया गया। नए घर की चाबी मिलते ही लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
कार्यक्रम का उद्घाटन झामुमो के पूर्व प्रखंड अध्यक्ष जोसेफ हेम्ब्रम एवं पूर्व प्रखंड सचिव मो. जहांगीर ने फीता काटकर किया। इसके बाद जनप्रतिनिधियों ने लाभुकों को आवास की चाबी सौंपी और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ नए घर में प्रवेश कराया। स्थापना दिवस पर मिला यह तोहफा लाभुक परिवारों के लिए यादगार बन गया।

संकल्प सभा में आवास योजना की दी गई जानकारी
गृह प्रवेश कार्यक्रम के साथ संकल्प सभा का भी आयोजन किया गया। इसमें लाभुकों को अबुआ आवास योजना से संबंधित आवश्यक जानकारियां दी गईं। पंचायत स्तर पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लाभुकों को गृह प्रवेश कराया गया।
2152 आवासों में गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य
आवास प्रखंड कोऑर्डिनेटर मो. इम्तियाज ने बताया कि तालझारी प्रखंड में कुल 2152 अबुआ आवासों में गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान के पहले दिन करीब 400 लाभुक परिवारों को नए घर में प्रवेश कराया गया। शेष आवासों में भी निर्धारित कार्यक्रम के तहत गृह प्रवेश की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
मौके पर प्रखंड कोऑर्डिनेटर मो. इम्तियाज, पंचायतों के मुखिया, ग्राम प्रधान सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद थे।
![]()





