जेल में लगी कानून की पाठशाला,बंदियों को प्ली बार्गेनिंग से लेकर जमानत तक के अधिकार बताए
Pakud News

पाकुड़ संवाददाता :-महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर गुरुवार को पाकुड़ मंडल कारा में कानून और स्वास्थ्य दोनों का संगम देखने को मिला। जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) की ओर से जेल अदालत सह मेडिकल कैंप आयोजित कर बंदियों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता, प्ली बार्गेनिंग और जमानत के प्रावधानों की जानकारी दी गयी। वहीं, मेडिकल टीम ने बंदियों के स्वास्थ्य की जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया।

झालसा रांची के निर्देश एवं प्रभारी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डालसा अध्यक्ष कुमार क्रांति प्रसाद के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत डालसा सचिव रूपा बंदना किरो ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की। इसके बाद बंदियों को कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।
छोटे व सुलहनीय मामलों में जल्द निपटारे की राह
डालसा सचिव ने बंदियों को निःशुल्क कानूनी सहायता के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने प्ली बार्गेनिंग की प्रक्रिया और उसके महत्व को समझाते हुए कहा कि निर्धारित प्रावधानों के तहत छोटे एवं सुलहनीय अपराधों से जुड़े मामलों का शीघ्र निपटारा संभव है। पात्र मामलों में इससे सजा में राहत और जल्द रिहाई का रास्ता भी खुल सकता है। उन्होंने बंदियों को जमानत से संबंधित कानूनी प्रावधानों की भी जानकारी दी।
कानून की जानकारी के साथ गांधी-शास्त्री के विचारों का संदेश
डीएसपी मुख्यालय उज्ज्वल कुमार साहा ने भी बंदियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, आदर्शों एवं विचारों पर प्रकाश डालते हुए सत्य, अहिंसा, अनुशासन और जिम्मेदारी के मूल्यों को अपनाने का संदेश दिया।
मेडिकल कैंप में हुई स्वास्थ्य जांच
जेल अदालत के साथ आयोजित मेडिकल कैंप में स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम ने बंदियों के स्वास्थ्य की जांच की। जरूरत के अनुसार चिकित्सकीय सलाह भी दी गयी। इस पहल के माध्यम से बंदियों को एक ही मंच पर कानूनी सहायता, अधिकारों की जानकारी और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध करायी गयी।
ये रहे मौजूद
मौके पर डॉ. एसके झा, एलएडीसीएस डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख, संजीव कुमार मंडल, एलएडीसीएस सहायक अजफर हुसैन विश्वास, जेल प्रशासन के अधिकारी, डालसा कर्मी एवं स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम मौजूद रही
![]()




