
चंदवा (लातेहार):
अमझरिया घाटी में सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया, जब तेज ढलान पर उतर रहा सरिया से लदा ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, राउरकेला से दिल्ली की ओर जा रहा ट्रक (संख्या: UP 82 AT 2455) जैसे ही अमझरिया घाटी के खतरनाक मोड़ और ढलान वाले हिस्से में पहुंचा, तभी अचानक ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया। चालक ने काफी प्रयास किया, लेकिन वाहन को संभाल नहीं सका और ट्रक बेकाबू होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

हादसे के बाद चालक अवनीश यादव (23), पिता गिरीश यादव, ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। चालक को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन को बुलाया गया। काफी मशक्कत के बाद चालक को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला जा सका।
घायल चालक को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
दुर्घटना के कारण अमझरिया घाटी में कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों का कहना है कि घाटी का यह हिस्सा पहले से ही दुर्घटना संभावित क्षेत्र रहा है, जहां तीखे मोड़ और तेज ढलान के कारण अक्सर भारी वाहन हादसे का शिकार हो जाते हैं।
![]()




