
कोटालपोखर संवाददाता, साहिबगंज।
साहिबगंज जिले के मिर्जाचौकी रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या-3 पर उस वक्त लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक अनोखी ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। इस ट्रेन का स्वरूप बिल्कुल सड़क पर चलने वाली बस जैसा नजर आ रहा था, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।
ट्रैक पर दौड़ी बस जैसी दिखने वाली ट्रेन
यह विशेष प्रकार का रेलवे वाहन देखने में बस जैसा प्रतीत हो रहा था, लेकिन यह रेलवे ट्रैक पर ही संचालित हो रहा था। जैसे ही यह वाहन प्लेटफार्म पर पहुंचा, यात्रियों और स्थानीय लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गया। कई लोग इसे मोबाइल में कैद करते नजर आए, जबकि कुछ इसे अजूबा मानकर देर तक निहारते रहे।

आगे बस के पहिए, पीछे रेलवे के पहिए
इस अनोखे वाहन की खासियत इसकी बनावट है। जानकारी के अनुसार, इसके अगले हिस्से में सड़क पर चलने वाले बस के पहिए लगे हैं, जबकि पीछे की ओर रेलवे ट्रैक पर चलने वाले विशेष पहिए लगाए गए हैं। इसी वजह से यह वाहन सड़क और रेलवे दोनों तरह के ढांचे जैसा दिखाई देता है।
बड़े वाहनों को ले जाने में होता है उपयोग
बताया जा रहा है कि इस तरह के वाहन का उपयोग बड़े-बड़े वाहनों या उपकरणों को रेलवे ट्रैक के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। तकनीकी रूप से यह रेलवे का विशेष सेवा वाहन है, जो सामान्य ट्रेनों से अलग होता है।
![]()




