उधवा में ज्वेलरी दुकान की दीवार काटकर चोरी,एक लाख के जेवरात ले उड़े चोर
एक लाख के जेवरात ले उड़े चोर

कोटालपोखर संवाददाता/उधवा। राधानगर थाना क्षेत्र के उधवा पाकीजा मोड़ स्थित एक ज्वेलरी दुकान में रविवार देर रात चोरों ने सेंधमारी कर सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिये। चोरी गये जेवरात की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बतायी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, विष्णु स्वर्णकार की ज्वेलरी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। चोर दुकान की साइड की दीवार काटकर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद लॉकर और फ्रेम तोड़कर उसमें रखे सोने एवं चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गये। चोरों ने दुकान के अंदर रखे सामान को भी अस्त-व्यस्त कर दिया।
सोमवार सुबह दुकान का शटर खोलने पर विष्णु स्वर्णकार को घटना की जानकारी हुई। दुकान के अंदर सामान बिखरा देखकर उन्होंने जांच की तो चोरी का पता चला। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गयी।
सूचना मिलते ही राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज, राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी, एएसआई असलम समेत पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुकान संचालक से घटना की जानकारी ली।
पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की तैयारी में है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोर किस रास्ते से दुकान में पहुंचे तथा किस दिशा में फरार हुए।
फिलहाल चोरी गये सोने-चांदी के जेवरात की कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच करते हुए चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की तैयारी में जुटी है।
![]()





