भैसादोन में नवरात्र की धूम, 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने निकाली कलश यात्रा
जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी की मौजूदगी में निकली यात्रा, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुई कलश स्थापना

बालूमाथ/लातेहार। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर बालूमाथ प्रखंड के भैसादोन में दुर्गा पूजा समिति की ओर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई। जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी की उपस्थिति में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में 1000 से अधिक महिला, युवती और पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। यात्रा के दौरान मां दुर्गा के जयकारों से क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

कलश यात्रा का शुभारंभ दुर्गा मंडप परिसर से गाजे-बाजे और भक्तिमय जयकारों के साथ हुआ। सिर पर कलश धारण कर श्रद्धालु बड़की नदी तट पहुंचे। वहां वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया। इसके बाद श्रद्धालु वापस दुर्गा मंडप पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ कलश स्थापना की गई।
सनातन संस्कृति और नारी शक्ति का प्रतीक है कलश यात्रा : अनीता देवी
कार्यक्रम में जिला परिषद उपाध्यक्ष अनीता देवी अपने पति प्रवीण कुमार सिंह के साथ शामिल हुईं। उन्होंने श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि कलश यात्रा सनातन संस्कृति और नवरात्र पर्व का अभिन्न अंग है। यह आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सुख-समृद्धि और नारी शक्ति के जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा का पावन पर्व सभी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शांति लेकर आए, यही कामना है।

पूजा समिति के पदाधिकारी और सदस्य रहे मौजूद
कलश यात्रा को सफल बनाने में दुर्गा पूजा समिति, भैसादोन के पदाधिकारियों और सदस्यों की भूमिका रही। समिति के अध्यक्ष उदय प्रकाश यादव, उपाध्यक्ष मनोज यादव, दिनेश यादव, पंकज यादव (छोटा) और आलोक यादव उपस्थित रहे।
इसके अलावा सचिव सुरेश यादव और सत्येन्द्र यादव, उप-सचिव जितेन्द्र यादव, राजू यादव और आनंद यादव, कोषाध्यक्ष शिवदास यादव, उप-कोषाध्यक्ष दीपक यादव, महामंत्री संतोष यादव, बबलू यादव और रितेश यादव तथा मंत्री सत्यनारायण यादव, अखिलेश यादव और जुगेश यादव भी आयोजन में शामिल रहे। मीडिया प्रभारी मुन्ना यादव, संदीप कुमार यादव और अरविन्द यादव सहित अन्य सदस्य मौजूद थे।
धार्मिक आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल रहा। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।
![]()





