नई दिल्ली/वडोदरा, 27 नवंबर। गुजरात एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) ने आतंकवाद के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए वडोदरा में जैश-ए-मोहम्मद से कथित तौर पर जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। एटीएस ने यह कार्रवाई जरोद बस स्टैंड के पास की। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक AK-47 राइफल और 23 कारतूस बरामद किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार संदिग्ध मूल रूप से असम का रहने वाला है और वहां से वडोदरा पहुंचा था। उसकी गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच एजेंसियों ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है।
जांच अधिकारियों का मुख्य ध्यान इस बात का पता लगाने पर है कि आरोपी के पास AK-47 राइफल कहां से आई और उसे यह हथियार किसने उपलब्ध कराया। इसके अलावा उसके संपर्कों, गतिविधियों और जैश-ए-मोहम्मद से कथित संबंधों की भी जांच की जा रही है।
एटीएस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नेटवर्क का हिस्सा तो नहीं है और हथियारों की आपूर्ति के पीछे किन लोगों की भूमिका हो सकती है। फिलहाल मामले में विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपी के कथित आतंकी संबंधों और हथियारों की आपूर्ति से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।
![]()