साड़म शिव मंदिर परिसर के पास दिखा खतरनाक रसेल वाइपर, लोगों में दहशत
तालाब की ओर निकला सांप, स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू कराने की मांग की


गोमिया। गोमिया प्रखंड के साड़म पश्चिमी पंचायत अंतर्गत पकरियाटोला स्थित साड़म शिव मंदिर परिसर में रविवार की रात एक रसेल वाइपर सांप दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सांप को देखने के बाद स्थानीय लोगों में भय का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शी कुंतल वर्धन और योगेश प्रसाद ने बताया कि रविवार की रात वे दोनों शिव मंदिर में दर्शन करने पहुंचे थे। इसी दौरान मंदिर परिसर में एक सांप विचरण करता दिखाई दिया। काफी प्रयास के बावजूद सांप को वहां से हटाया नहीं जा सका और वह मंदिर के पास स्थित तालाब की ओर चला गया।
घटना की जानकारी फैलते ही आसपास के लोगों की भीड़ मंदिर परिसर में जुटने लगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस तालाब में प्रतिदिन सैकड़ों लोग, जिनमें बच्चे भी शामिल हैं, स्नान करने पहुंचते हैं। ऐसे में तालाब के आसपास सांप की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और सांप पकड़ने में प्रशिक्षित विशेषज्ञों से जल्द से जल्द सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कराने की मांग की है, ताकि लोगों को संभावित खतरे से बचाया जा सके। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि वे तालाब और मंदिर के आसपास सतर्क रहें तथा सांप को पकड़ने या उसके पास जाने का प्रयास न करें।
![]()




