बरहरवा कुशवाहा टोला में भगवान बलभद्र पूजन महोत्सव, सामाजिक एकता का संदेश
Pakud News

कोटालपोखर संवाददाता। बरहरवा प्रखंड के कुशवाहा टोला में रविवार को ब्याहुत समाज की ओर से भगवान बलभद्र पूजन महोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ आयोजित किया गया। इस धार्मिक आयोजन में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर भगवान बलभद्र की विधिवत पूजा-अर्चना की।
पूजन कार्यक्रम में यजमान के रूप में विजय भगत और इंदुबाला देवी उपस्थित रहे, जबकि पंडित अशोक मिश्रा ने पूरे विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न कराई। पूजा के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा और श्रद्धालुओं ने आस्था के साथ धार्मिक अनुष्ठान में भाग लिया।

पूजन के उपरांत सभी श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया तथा सामूहिक भोज का आयोजन भी हुआ, जिसमें समाज के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के 11 पुरुष और 11 महिलाओं को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। वहीं, बच्चों की प्रतिभा और सांस्कृतिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए, जिसमें छोटे बच्चों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
महोत्सव के दौरान वक्ताओं ने समाज की एकजुटता, सामाजिक उत्थान और विकास पर जोर देते हुए लोगों से आपसी सहयोग बनाए रखने की अपील की। इस अवसर पर पिछले एक वर्ष में समाज के 15 दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई और दो मिनट का मौन रखा गया।
कार्यक्रम में उत्तम भगत, पारिजात भगत, संजय भगत, प्रदीप भगत, महिला मोर्चा अध्यक्ष बबीता भगत, शिखा भगत, रेशमा भगत, तापसी भगत, पिंकी भगत सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
![]()




