स्थानीय समाचारझारखंड

अगले तीन दिनों तक झारखंड के 14 जिलों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड,शीतलहर से जनजीवन प्रभावित

अगले तीन दिनों तक झारखंड के 14 जिलों में कोहरे के साथ कड़ाके की ठंड,शीतलहर से जनजीवन प्रभावित

राँची। झारखंड में कड़ाके की ठंड और घने कोहरे ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान केंद्र, राँची के अनुसार अगले तीन दिनों तक राज्य के 14 जिलों में कोहरे के साथ भीषण ठंड पड़ने की संभावना है। इनमें राँची, गुमला, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, बोकारो, गिरिडीह, धनबाद, देवघर और जामताड़ा शामिल हैं। विभाग के अनुसार यह स्थिति 22 दिसंबर तक बनी रह सकती है।

लगातार कोहरे और बादलों की वजह से दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। कई इलाकों में शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं, जिससे आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ठंड का असर अब जानलेवा भी साबित होने लगा है। हजारीबाग जिले में ठंड से दो लोगों की मौत की खबर है। वहीं पलामू जिले के हुसैनाबाद प्रखंड की बेनीकला पंचायत अंतर्गत फुलडीहा गांव में अंगीठी जलाकर सो रही नानी-नातिन की दम घुटने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान मुलारो कुंवर और उनकी नातिन माया कुमारी के रूप में हुई है। सुबह दोनों को बेहोशी की हालत में पाया गया, बाद में डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई है, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव का असर हवाई और रेल यातायात पर भी साफ दिखाई दे रहा है। कोहरे के कारण राँची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से 14 उड़ानें देरी से रवाना हुईं, जबकि इंडिगो की राँची–दिल्ली और राँची–बेंगलुरु उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। इसके अलावा कई प्रमुख ट्रेनें भी अपने निर्धारित समय से काफी देर से राँची पहुंचीं।

मौसम विभाग ने लोगों को ठंड और शीतलहर से बचाव के लिए सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन की ओर से भी अलाव, रैन बसेरा और अन्य राहत व्यवस्था को सक्रिय किया जा रहा है।

Loading

About The Author

Related Articles

Back to top button