इंदौर में हादसे में उधवा के मजदूर शौकत की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
इंदौर में निर्माणाधीन बिल्डिंग से गिरकर उधवा के मजदूर शौकत की मौत, तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

रिपोर्ट सोनू कुमार,
उधवा। रोजी-रोटी की तलाश में घर-परिवार से दूर इंदौर कमाने गए उधवा के मजदूर शौकत की हादसे में दर्दनाक मौत हो गयी। निर्माणाधीन बिल्डिंग में काम करने के दौरान वह क्रेन से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। शौकत की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। वहीं, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गयी।

क्रेन पर चढ़कर कर रहा था काम, हादसे ने छीन ली जिंदगी
जानकारी के अनुसार, शौकत इंदौर में एक बिल्डिंग के निर्माण कार्य में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वह क्रेन पर चढ़कर ऊंचाई पर काम कर रहा था। काम के दौरान अचानक दुर्घटना हुई और वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गयी।
तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, परिवार पर टूटा रोजी-रोटी का संकट
शौकत अपने परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। उसके पीछे 10 वर्षीय एक पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पिता की असमय मौत ने तीनों बच्चों से उनका सहारा छीन लिया है। परिवार की पूरी आर्थिक जिम्मेदारी शौकत के कंधों पर थी। अब उसकी मौत के बाद परिवार के सामने भरण-पोषण का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पैतृक आवास लाया जा रहा शव, गांव में शोक
समाचार लिखे जाने तक शौकत का शव पैतृक आवास लाया जा रहा था। शव पहुंचने की सूचना से गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ था। जिस परिवार की खुशहाली के लिए शौकत परदेस में मेहनत-मजदूरी कर रहा था, उसी परिवार को उसकी मौत ने कभी न भरने वाला जख्म दे दिया।
![]()



