
पाकुड़। संवाददाता। आगामी बोर्ड परीक्षा 2027 में विद्यार्थियों के बेहतर प्रदर्शन और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार को लेकर मंगलवार को डिस्ट्रिक्ट सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस (पाकुड़ राज +2 विद्यालय) में अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी (PTM) का आयोजन किया गया। प्रभारी प्राचार्य राजू नंदन साहा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के अभिभावक एवं शिक्षक शामिल हुए। बैठक में परीक्षा तैयारी को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
कमजोर विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं
बैठक में विद्यार्थियों के लिए रेमेडियल (विशेष) कक्षाएं संचालित करने पर सहमति बनी। ये कक्षाएं सुबह 8 बजे से अपराह्न 3:30 बजे तक चलेंगी। विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक स्तर के आधार पर ग्रेड-A और ग्रेड-B में विभाजित किया जाएगा।
ग्रेड-A में सामान्य एवं संतोषजनक प्रदर्शन करने वाले छात्र शामिल होंगे, जबकि कमजोर विद्यार्थियों को ग्रेड-B में रखा जाएगा। ग्रेड-B के छात्रों के लिए विषयवार अलग-अलग कक्षाएं संचालित कर विशेष मार्गदर्शन दिया जाएगा, ताकि उनके शैक्षणिक स्तर में सुधार लाया जा सके।

75% उपस्थिति अनिवार्य
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि बोर्ड परीक्षा 2027 के लिए उन्हीं विद्यार्थियों का परीक्षा फॉर्म (LOC) भरा जाएगा, जिनकी उपस्थिति कम से कम 75 प्रतिशत होगी। 75% से कम उपस्थिति वाले छात्र परीक्षा फॉर्म भरने से वंचित रह सकते हैं। इसे लेकर अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित कराने की अपील की गई।
SA-I परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा
संगोष्ठी के दौरान सितंबर में प्रस्तावित SA-I परीक्षा की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। अगस्त माह तक विद्यार्थियों की उपस्थिति का आकलन करते हुए आगामी दिनों में शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। विद्यालय प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि बेहतर परिणाम के लिए सभी आवश्यक शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
अभिभावकों की रही सक्रिय भागीदारी
बैठक में सैकड़ों अभिभावकों की भागीदारी रही। इस दौरान शिक्षक सुशील कुमार झा, कौशल कुमार झा, निर्मल ओझा, पूनम कुमारी, अंजन दास, साहिदुल इस्लाम, परितोष कुमार, राजीव दास एवं नसीम उज्जमा उपस्थित थे। अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
![]()




