11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आई 10 वर्षीय बच्ची, 80-90 प्रतिशत झुलसी
80-90 प्रतिशत झुलसी

पाकुड़ संवाददाता। अमड़ापाड़ा प्रखंड के रसीटोला में 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्ची लाली खातून गंभीर रूप से झुलस गई। हादसे में बच्ची का शरीर करीब 80 से 90 प्रतिशत तक झुलस गया है। गंभीर हालत में उसका इलाज पश्चिम बंगाल के रामपुरहाट स्थित अस्पताल में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार लाली खातून का ननिहाल महेशपुर थाना क्षेत्र के हरिशपुर में है। वह कुछ दिन पूर्व अपने परिजनों के साथ उत्तर प्रदेश से आई थी। दो-तीन दिन पहले वह अमड़ापाड़ा के रसीटोला निवासी अपने रिश्ते के नाना व सेवानिवृत्त शिक्षक मोहम्मद निजामुद्दीन मियां के घर मेहमान के रूप में पहुंची थी।
बताया गया कि बीते बुधवार को लाली घर की छत पर गई थी। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आ गई। करंट लगते ही बच्ची बुरी तरह झुलस गई। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजन तत्काल बच्ची को फतेहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए दुमका स्थित फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए रामपुरहाट स्थित अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है।
![]()






