बरवाडीह में मालगाड़ी की चपेट में आने से दो मजदूरों की मौत
रेलवे ट्रैक पर केबल का काम कर रहे थे दोनों मजदूर, बिहार के कटिहार जिले के रहने वाले थे मृतक

लातेहार। बरवाडीह रेलवे स्टेशन के समीप शनिवार को एक दर्दनाक रेल हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मजदूर रेलवे ट्रैक पर केबल से संबंधित कार्य कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रही मालगाड़ी की चपेट में आने से उनकी जान चली गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
यह दुर्घटना बरवाडीह थाना क्षेत्र के बरवाडीह स्टेशन और उक्कामाड़ के बीच रेलवे पोल संख्या 254/26-28 के पास हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मालगाड़ी को आते देख दोनों मजदूरों ने ट्रैक से हटकर अपनी जान बचाने की कोशिश की, लेकिन वे ट्रेन की चपेट में आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिहार के कटिहार जिले के निवासियों के रूप में बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के अधिकारी और कर्मचारी तथा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। डीएसपी वीरेंद्र कुमार राम ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही हुई है या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।

हादसे के बाद रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने के कारण रेल परिचालन कुछ समय के लिए बाधित हो गया। करीब 25 से 30 मिनट तक ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहा। बरवाडीह के सीनियर स्टेशन मास्टर अनिल द्विवेदी ने बताया कि दोनों मजदूर रेलवे ट्रैक पर केबल से संबंधित कार्य कर रहे थे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद लगभग 25 मिनट में रेल परिचालन दोबारा बहाल कर दिया गया।
![]()





