हिरणपुर में तड़के दो वाहन भीषण भिड़ंत, सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा घुसा खाली ट्रेलर, चालक घायल।
Pakud News

- सुबह चार बजे एनएच-333ए पर जोरदार टक्कर से मची अफरातफरी, टायर पंचर होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था ट्रक, पुलिस ने घायल चालक को पहुंचाया अस्पताल
पाकुड़ संवाददाता।
हिरणपुर-पाकुड़ एनएच-333ए पर गुरुवार अहले सुबह करीब चार बजे रफ्तार का कहर देखने को मिला। घाघरजानी पंचायत सचिवालय के समीप सड़क किनारे खड़े ट्रक में पाकुड़ की ओर जा रहे खाली ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत में ट्रेलर चालक बापी शाह घायल हो गये। वह पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र के चांदपुर के निवासी हैं। तड़के हुए इस हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी मच गयी। सूचना मिलते ही पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और घायल चालक को तत्काल सोनाजोड़ी सदर अस्पताल पहुंचाया।
टायर पंचर होने पर किनारे खड़ा किया था ट्रक
जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या जेएच10सीआर-0990 तड़का दाल लोड कर गिरिडीह से मालदा जा रहा था। इसी दौरान उसका टायर पंचर हो गया। चालक ने ट्रक को सड़क किनारे खड़ा कर टायर की मरम्मत करायी। मरम्मत के बाद चालक अभी ट्रक में बैठा ही था कि पाकुड़ की ओर जा रहा खाली ट्रेलर संख्या जेएच16जे-2579 वहां पहुंचा और खड़े ट्रक के साइड में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर में ट्रेलर चालक घायल हो गया।

हादसे के बाद जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
जोरदार टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गये। सूचना मिलने पर पुलिस गश्ती दल ने तत्काल कार्रवाई करते हुए घायल चालक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।
![]()




