तेज रफ्तार बाइक हाइवा से टकरायी,तीन युवक गंभीर रूप से घायल
तीनों की हालत गंभीर, बंगाल रेफर

पाकुड़/महेशपुर। थाना क्षेत्र के सीलमपुर गांव स्थित चावल गोदाम के समीप सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े हाइवा ट्रेलर से जा टकरायी। इस दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
बड़कियारी से महेशपुर लौट रहे थे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाइक संख्या JH 10 AV 3251 पर सवार महेशपुर-धर्मखांपाड़ा निवासी अरमान शेख, ओबाईदुल शेख तथा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद निवासी सोहन अली बड़कियारी से महेशपुर की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सीलमपुर गांव के पास चावल गोदाम के समीप सड़क किनारे टाइल्स लदा हाइवा ट्रेलर (NL 01 N 0971) खड़ा था। तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित हो गयी और सीधे ट्रेलर से जा टकरायी।
तीनों की हालत गंभीर, बंगाल रेफर
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को तत्काल महेशपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल रेफर कर दिया।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही महेशपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि हाइवा ट्रेलर सड़क किनारे किस परिस्थिति में खड़ा था और हादसे के पीछे अन्य क्या कारण रहे।
![]()





