गोमिया। प्रखण्ड अंतर्गत सरस्वती शिशु मंदिर, साड़म में विगत माह आयोजित एफए-वन परीक्षा का परीक्षाफल अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के माध्यम से घोषित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में अभिभावकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।
बैठक के दौरान बच्चों के भविष्य और उच्च शिक्षा को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों की घरेलू दिनचर्या के बारे में शिक्षकों को अवगत कराते हुए अनुशासन में कड़ाई बरतने का आग्रह किया। वहीं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी अभिभावकों से बच्चों के प्रति गंभीर रहने और संयुक्त रूप से उनके सुधार एवं विकास के लिए कार्य करने पर जोर दिया।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजेश प्रसाद ने कहा कि अभिभावकों को बच्चों के लिए घर पर समय देना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनका भविष्य उज्ज्वल बन सके। वहीं परीक्षा नियंत्रक अजीत नारायण प्रसाद ने अभिभावकों को बच्चों के लिए नियमित समय-सारणी बनाकर पढ़ाई कराने की सलाह दी और कहा कि अनुशासित अध्ययन से ही सफलता प्राप्त होती है।
इस दौरान विद्यालय के आचार्यगण—गीता सलूजा, श्रीती सिंह, हिमांशु राउत, महावीर दे, सुरेन्द्र प्रसाद, भोला ठाकुर, कुमारी अन्नु, सोनिका कुमारी, रमण सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।