पाकुड़ की पंचायतों में चला तंबाकू मुक्त अभियान, ग्रामीणों ने नशे से दूर रहने की ली शपथ
खैनी-गुटखा और सिगरेट के दुष्परिणामों से कराया गया अवगत,बच्चों और युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने पर जोर

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता। तंबाकू की बढ़ती लत पर लगाम लगाने और गांवों को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से पाकुड़ जिले में पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर गुरुवार को जिले के सभी प्रखंडों की ग्राम पंचायतों में ‘तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ ग्राम’ अभियान के तहत ग्रामीणों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। पंचायत भवनों, विद्यालयों, सार्वजनिक स्थलों और हाट-बाजारों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से तंबाकू मुक्त गांव और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने तंबाकू का सेवन नहीं करने और दूसरों को भी इसकी लत से बचाने का सामूहिक संकल्प लिया।
खैनी-गुटखा की लत पर चोट,कैंसर के खतरे से किया आगाह
अभियान के तहत नुक्कड़ संवाद, जनसंपर्क, पोस्टर, बैनर और दीवार लेखन के माध्यम से तंबाकू के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया गया। ग्रामीणों को बताया गया कि खैनी, गुटखा, बीड़ी और सिगरेट का सेवन मुंह एवं फेफड़ों के कैंसर, हृदय रोग सहित कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। तंबाकू का सेवन व्यक्ति की सेहत को बर्बाद करने के साथ परिवार की आर्थिक और सामाजिक स्थिति पर भी प्रतिकूल असर डालता है। लोगों से इस हानिकारक आदत को छोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की गई।

बच्चों और युवाओं को तंबाकू की गिरफ्त से बचाने पर जोर
विद्यालयों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों और युवाओं को तंबाकू उत्पादों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ भविष्य के लिए नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया। वहीं, सार्वजनिक स्थलों और हाट-बाजारों में लोगों से तंबाकू का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके खिलाफ जागरूक करने की अपील की गई।
हर पंचायत को तंबाकू मुक्त बनाने का सामूहिक संकल्प
अभियान के समापन पर विभिन्न पंचायतों में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों ने एकजुट होकर अपनी पंचायत को तंबाकू मुक्त एवं स्वस्थ बनाने की शपथ ली। ग्रामीणों ने स्वयं तंबाकू उत्पादों से दूरी बनाए रखने और दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। अभियान के जरिए स्पष्ट संदेश दिया गया कि तंबाकू मुक्त गांव ही स्वस्थ परिवार और बेहतर समाज की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं।
![]()





