तीन महीने से क्षतिग्रस्त राजदंडा पुल,अब तक नहीं शुरू हुआ स्थायी निर्माण:डायवर्सन से मिली अस्थायी राहत
डायवर्सन बनते ही शुरू हुआ वाहनों का परिचालन, कांग्रेस नेता अजीतपाल कुजूर और समाजसेवी मदनलाल वर्मा की पहल आई काम; ग्रामीणों ने पूछा- आखिर कब बनेगा स्थायी पुल?

अलोक कुमार गुप्ता की रिपोर्ट,
महुआडांड़ (लातेहार)। स्टेट हाईवे पर स्थित राजदंडा पुल पिछले तीन महीने से क्षतिग्रस्त है। लंबे समय से आवागमन की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को आखिरकार पुल के समीप तैयार किए गए वैकल्पिक डायवर्सन से अस्थायी राहत मिली है। डायवर्सन का निर्माण पूरा होते ही छोटे वाहनों का परिचालन शुरू हो गया है। हालांकि, वैकल्पिक रास्ता बनने के बाद भी ग्रामीणों की सबसे बड़ी चिंता पुल के स्थायी निर्माण को लेकर बनी हुई है।
गुरुवार को पथ निर्माण विभाग के सहायक अभियंता विजय बाखला ने कनीय अभियंता रोशन कुमार एवं कुशांग के साथ राजदंडा पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान कांग्रेस नेता अजीतपाल कुजूर और समाजसेवी मदनलाल वर्मा ने अधिकारियों के समक्ष ग्रामीणों की समस्याओं को रखा। उन्होंने पुल क्षतिग्रस्त होने से उत्पन्न आवागमन की परेशानी को देखते हुए तत्काल वैकल्पिक रास्ता तैयार कराने की मांग की।
उन्होंने बताया कि पुल टूटने के कारण ग्रामीणों को पिछले तीन महीने से काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। खासकर मरीजों, एंबुलेंस, स्कूली बच्चों और दैनिक कार्यों के लिए आने-जाने वाले लोगों को भारी कठिनाई हो रही थी।
ग्रामीणों की परेशानी को देखते हुए सहायक अभियंता विजय बाखला ने वैकल्पिक डायवर्सन तैयार कराने पर सहमति जताई। इसके बाद अजीतपाल कुजूर और मदनलाल वर्मा की पहल पर स्थानीय लोगों के श्रमदान तथा जेसीबी की मदद से डायवर्सन का निर्माण कराया गया। रास्ता तैयार होते ही वाहनों का परिचालन शुरू हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।

तीन महीने बाद भी स्थायी निर्माण का इंतजार
डायवर्सन बनने से फिलहाल आवागमन की समस्या कुछ हद तक दूर हुई है, लेकिन स्थायी पुल निर्माण को लेकर ग्रामीणों के सवाल बरकरार हैं। लोगों का कहना है कि स्टेट हाईवे पर स्थित राजदंडा पुल क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है। ऐसे में तीन महीने बीत जाने के बावजूद स्थायी निर्माण की दिशा में ठोस कार्रवाई नहीं होना चिंता का विषय है।
ग्रामीणों का सवाल है कि जब स्थानीय लोगों के सहयोग, श्रमदान और जेसीबी की मदद से वैकल्पिक रास्ता तैयार कराया जा सकता है, तो क्षतिग्रस्त पुल के स्थायी निर्माण में इतनी देरी क्यों हो रही है?
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पथ निर्माण विभाग से मांग की है कि पुल के स्थायी निर्माण की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए और जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए, ताकि भविष्य में लोगों को आवागमन संबंधी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े।
![]()




