पाकुड़ संवाददाता। ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर में दैनिक जागरण द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘जागरण अचीवर्स अवार्ड’ समारोह में झारखंड के पाकुड़ जिले के प्रख्यात समाजसेवी लुत्फ़ल हक को उनके उल्लेखनीय सामाजिक योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया। उन्हें ‘सामाजिक प्रभाव में उत्कृष्टता’ (Excellence in Social Impact) तथा ‘सामाजिक प्रभाव आइकॉन’ (Social Impact Icon) सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान लुत्फ़ल हक को समाज सेवा, जनकल्याण और मानवीय कार्यों के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकुड़ के समाजसेवी को मिले इस सम्मान से जिले के लोगों में हर्ष और गौरव का माहौल है।
समारोह में भारत के अनेक प्रतिष्ठित उद्योगपति, उद्यमी तथा विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में न्यू साउथ वेल्स, ऑस्ट्रेलिया के समूह महाप्रबंधक फिल हेड्स तथा भारत मूल के वरिष्ठ व्यवसाय विश्लेषक एस. जानकी रमन मौजूद रहे। दोनों अतिथियों ने सम्मानित व्यक्तित्वों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाले लोग पूरी दुनिया के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जागरण समूह के उप्रबंधक शैलेन्द्र नाथ जेटली एवं बिपोय खटवानी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने कहा कि ‘जागरण अचीवर्स अवार्ड’ का उद्देश्य ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित करना है, जिन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन की मिसाल कायम की है।
पाकुड़ के समाजसेवी लुत्फ़ल हक को अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिला यह सम्मान न केवल पाकुड़ जिले, बल्कि पूरे झारखंड के लिए गौरव की बात है। समाज सेवा के क्षेत्र में उनके योगदान और इस उपलब्धि को अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणादायी माना जा रहा है।