लातेहार संवाददाता,
लातेहार:-जिला मुख्यालय के रेलवे स्टेशन रोड स्थित चटनाही में संचालित एक मेडिकल स्टोर पर प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे तत्काल प्रभाव से सील कर दिया। यह कार्रवाई बिना ड्रग लाइसेंस और ट्रेड लाइसेंस के दुकान संचालन की शिकायत मिलने के बाद की गई।
मामले को गंभीर बनाते हुए शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि उक्त मेडिकल स्टोर में एक महिला का अवैध रूप से प्रसव कराया गया। प्रसव के दौरान नवजात की मृत्यु हो गई, जिसके बाद उसके शव को कथित रूप से कचरे के डिब्बे में फेंक दिया गया। इस घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी ने तुरंत मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी उपायुक्त संदीप कुमार को दी। उपायुक्त के निर्देश पर एसडीओ दिनेश कुमार, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता, अंचल अधिकारी नंद कुमार राम और सदर थाना प्रभारी प्रमोद सिन्हा की संयुक्त टीम ने मेडिकल स्टोर का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान संबंधित दुकान से कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका और प्रथम दृष्टया कई गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। इसके बाद प्रशासन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए दुकान को सील कर दिया।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मामले की गहन जांच जारी है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।