खूंटी:
झारखंड में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में एसीबी रांची की टीम ने खूंटी जिले में बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला थाना प्रभारी सुलेखा कुमारी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, महिला थाना प्रभारी ने एक दर्ज मामले से आरोपी का नाम हटाने और जांच में राहत देने के नाम पर रिश्वत की मांग की थी। पीड़ित पक्ष ने रिश्वत देने से इनकार करते हुए इसकी शिकायत एसीबी रांची में की। शिकायत के बाद एसीबी ने मामले का गुप्त सत्यापन कराया, जिसमें आरोप सही पाए गए।
इसके बाद एसीबी ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने महिला थाना प्रभारी को रिश्वत की राशि सौंपी, पहले से सादे लिबास में मौजूद एसीबी टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पूछताछ और आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए रांची स्थित एसीबी मुख्यालय ले जाया गया।
गौरतलब है कि यह खूंटी महिला थाना से जुड़ा दूसरा बड़ा रिश्वतखोरी मामला है। इससे पहले वर्ष 2021 में तत्कालीन थाना प्रभारी मीरा कुमारी को भी एसीबी ने घूस लेते हुए गिरफ्तार किया था। एक ही थाना में कुछ वर्षों के भीतर दो थाना प्रभारियों की गिरफ्तारी से पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।