घाघरा (गुमला)। घाघरा मुख्य डाकघर में कार्यरत उप डाकपाल दिनेश राम एवं डाक सहायक (पीए) धर्मेंद्र उरांव के स्थानांतरण के अवसर पर बुधवार को भावभीनी विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर डाक विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि सरकारी सेवा में स्थानांतरण एक सामान्य प्रशासनिक प्रक्रिया है, लेकिन अपने कार्यकाल के दौरान किए गए कार्य और व्यवहार हमेशा याद रहते हैं। उन्होंने कहा कि दिनेश राम एवं धर्मेंद्र उरांव ने घाघरा डाकघर में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ किया, जो विभाग के लिए प्रेरणादायक है।
विदाई समारोह के दौरान सहकर्मियों ने दोनों स्थानांतरित कर्मियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान माहौल भावुक रहा और कर्मचारियों ने उनके साथ बिताए अनुभवों को साझा किया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से शिशिर शर्मा, संजय लाल, रजत कुमार, अरविंद उरांव, विवेक दत्त, ओम सिंह, रामविलास साहू सहित डाक विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।