लातेहार जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। सदर थाना क्षेत्र के नवोदय विद्यालय रोड स्थित कस्तूरबा स्कूल के समीप वज्रपात की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।
मृतकों की पहचान पियूष कुमार (पिता- दीपक प्रसाद, निवासी धर्मपुर) और पवन साहू (पिता- उमेश प्रसाद गुप्ता, वर्तमान निवास चंदनडीह, मूल निवासी तरावडीह) के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से किसी काम से नवोदय विद्यालय रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए दोनों पास ही स्थित एक महुआ के पेड़ के नीचे खड़े हो गए। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि वज्रपात के दौरान पियूष कुमार का मोबाइल भी ब्लास्ट हो गया, जिससे मोबाइल पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त उनके साथ मौजूद एक मित्र ने बताया कि वे लोग किसी जरूरी काम से जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने तुरंत लातेहार थाना पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रभारी थाना प्रभारी रमाकांत गुप्ता पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों शवों को कब्जे में लेकर लातेहार सदर अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।
इस हृदयविदारक घटना से मृतकों के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।