गोमिया (बोकारो)। शराब की लत ने एक बार फिर रिश्तों का खून कर दिया। बोकारो जिले के गोमिया प्रखंड की तिलैया पंचायत स्थित लुगू पहाड़ की तलहटी में बसे कारीपानी गांव में शुक्रवार की रात एक कलयुगी बेटे ने नशे में धुत होकर अपने पिता को ही मौत के घाट उतार दिया। इस दिल दहला देने वाली वारदात के बाद पूरे गांव में सन्नाटा पसरा है।
टोकने पर उतार दिया मौत के घाट
मृतक की पहचान 63 वर्षीय जयलाल करमाली के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उनका 30 वर्षीय बेटा अर्जुन करमाली शुक्रवार देर रात मामा के घर से शराब के नशे में घर लौटा। आए दिन की शराबबाजी से तंग पिता ने बेटे को समझाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इसी लत के कारण घर में कलह रहती है और बहू भी मारपीट से परेशान होकर मायके चली गई है। पिता की यह फटकार अर्जुन को नागवार गुजरी। कहासुनी इतनी बढ़ी कि उसने गुस्से में घर में रखी टांगी उठाई और पिता के सिर पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। जयलाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस को सौंपा
घटना के बाद चीख-पुकार सुनकर जुटे ग्रामीणों ने आरोपी अर्जुन को पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया। सूचना पर जगेश्वर बिहार थाना प्रभारी प्रकाश यादव दल-बल के साथ गांव पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हत्या में प्रयुक्त टांगी बरामद कर ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मुखिया बोलीं: नशा बना सामाजिक कोढ़
शनिवार सुबह घटनास्थल पर पहुंचीं तिलैया पंचायत की मुखिया चिंता देवी ने घटना को शर्मनाक बताया। उन्होंने कहा कि नशे की प्रवृत्ति अब परिवारों को उजाड़ रही है। यह समाज के लिए गंभीर चेतावनी है।
थाना प्रभारी प्रकाश यादव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। प्रथम दृष्टया हत्या का कारण नशे में हुआ विवाद ही सामने आया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।