कोटालपोखर संवाददाता।- संत जेवियर्स स्कूल, कोटालपोखर में विद्यार्थियों के बीच नशा मुक्त समाज के निर्माण को लेकर जागरूकता अभियान चलाया गया। कार्यक्रम में कोटालपोखर थाना प्रभारी पवन कुमार ने मुख्य रूप से उपस्थित होकर छात्रों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया तथा इससे दूर रहने की सलाह दी।थाना प्रभारी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को ही नहीं,बल्कि उसके परिवार, समाज और भविष्य को भी प्रभावित करता है।
नशीले पदार्थों के सेवन से शारीरिक,मानसिक एवं आर्थिक नुकसान होता है। इससे युवाओं की शिक्षा, करियर और सामाजिक जीवन पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।उन्होंने विद्यार्थियों से किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने तथा अपने मित्रों और परिवार के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि आज के युवा देश का भविष्य हैं।यदि युवा वर्ग नशे से दूर रहकर शिक्षा,खेलकूद और रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेगा,तो एक स्वस्थ और सशक्त समाज का निर्माण संभव होगा।छात्रों को सोशल मीडिया और गलत संगत से सावधान रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भी नशा मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।स्कूल प्रबंधन ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम छात्रों को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं उपस्थित थे। नशा मुक्ति अभियान के माध्यम से युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और समाज को नशा मुक्त बनाने का संदेश दिया गया।