लातेहार। सोमवार को लातेहार स्थित पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम के जलता स्थित फार्म हाउस सह डीएवी पब्लिक स्कूल प्रांगण में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले के सभी प्रखंडों में बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) एवं दस सदस्यीय समिति की सूची तैयार कर जमा करना था।
बैठक में सभी प्रखंडों से बूथ स्तर पर एक-एक बूथ लेवल एजेंट एवं दस सदस्यीय समिति के सदस्यों की सूची प्रस्तुत की गई। जिला अध्यक्ष लाल मोती नाथ शाहदेव ने कहा कि बूथ लेवल एजेंटों के चयन से फॉर्म-6, 7 एवं 8 से संबंधित कार्यों को पूरा करने में काफी सहयोग मिलेगा तथा इससे संगठन को मजबूती मिलेगी।
वहीं झामुमो के केंद्रीय उपाध्यक्ष सह पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि बूथ लेवल एजेंट बनने से मतदाता सूची में मौजूद त्रुटियों को सुधारने में मदद मिलेगी और मतदाता संबंधी कार्यों को बेहतर तरीके से संपन्न किया जा सकेगा।
बैठक में जिला बीस सूत्री उपाध्यक्ष अरुण कुमार दुबे, जिला सचिव बुद्धेश्वर उरांव, केंद्रीय समिति सदस्य, प्रखंड कमिटी के पदाधिकारी, महिला मोर्चा की प्रतिनिधि एवं झामुमो के अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।