
मनिका से संतोष प्रसाद की रिपोर्ट,
मनिका। प्रखंड मुख्यालय स्थित कांग्रेस कार्यालय में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष सह विधायक प्रतिनिधि दरोगी प्रसाद यादव ने की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया। कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दरोगी प्रसाद यादव एवं जिला उपाध्यक्ष विश्वनाथ पासवान ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के माध्यम से देश के स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा दी। उनके विचार आज भी समाज में शांति, भाईचारे और सद्भाव की प्रेरणा देते हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री को उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के लिए याद किया जाता है। उनका ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा देश की सुरक्षा और कृषि क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करता है।
उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुषों के आदर्श आज की युवा पीढ़ी के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं। उनके विचारों को आत्मसात कर देश और समाज के विकास में योगदान देना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

कांग्रेस जिला महासचिव सुरेंद्र भारती एवं कांग्रेस सेवादल के जिला अध्यक्ष वृंद बिहारी यादव ने कहा कि गांधी और शास्त्री को स्मरण करने का दिन अपने आचरण का भी मूल्यांकन करने का अवसर है। उनके विचारों को जीवन में अपनाकर विश्व शांति और मानव कल्याण की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है। उन्होंने कहा कि दोनों महापुरुष धैर्य, सादगी और राष्ट्रसेवा की मिसाल थे।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गांधी एवं शास्त्री के आदर्शों पर चलने तथा राष्ट्रहित में कार्य करने का संकल्प लिया।
मौके पर पूर्व मुखिया संजय सिंह, युवा कांग्रेस जिला महासचिव मिथिलेश पासवान, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष तस्लीम अंसारी, प्रखंड महासचिव अरुण सिंह, कांग्रेस नेता अकबर अंसारी, पंचायत अध्यक्ष मनोज यादव, मिसर यादव, नरेश राम, मीडिया प्रभारी सरयू यादव, पंचायत अध्यक्ष नवनीत सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
![]()





