चांदर मोड़ पर नकली नोट का खेल बेनकाब, 60 हजार के जाली नोट के साथ युवक गिरफ्तार
Pakud News

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
फरक्का संवाददाता।एनएच-12 पर नकली नोट खपाने की कोशिश को सूति थाना पुलिस ने नाकाम कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार की रात चांदर मोड़ के समीप पुलिस ने घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 60 हजार रुपये के नकली नोट बरामद हुए। गिरफ्तार युवक की पहचान कंकड़मारी निवासी जहिरुल शेख (38) के रूप में हुई है।
किसी को नकली नोट सौंपने जा रहा था युवक
पुलिस के मुताबिक, आईसी अभिजीत बोसु मोल्लिक को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक नकली नोट लेकर चांदर मोड़ की ओर जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने एनएच-12 के किनारे निगरानी शुरू की। संदिग्ध युवक के पहुंचते ही पुलिस ने उसे रोककर तलाशी ली। उसके पास से नकली नोट बरामद होते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

पूछताछ में खुलेगा नकली नोट के नेटवर्क का राज
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने जहिरुल शेख से पूछताछ की। जांच का मुख्य फोकस इस बात पर है कि 60 हजार रुपये के नकली नोट उसे कहां से मिले और वह इन्हें किसे सौंपने जा रहा था। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह तो शामिल नहीं है।
शनिवार को कोर्ट में पेशी, रिमांड की तैयारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। उसे शनिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की तह तक पहुंचने और नकली नोट के स्रोत का पता लगाने के लिए पुलिस आरोपी को रिमांड पर लेने की तैयारी में है।
![]()




