तेनुघाट। तेनुघाट महाविद्यालय में प्रभारी प्राचार्य सुदामा तिवारी की अध्यक्षता में पूर्व विधायक एवं मंत्री माधव लाल सिंह के निधन पर शोकसभा आयोजित की गई। इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
बताते चलें कि गोमिया विधानसभा के पूर्व विधायक एवं संयुक्त बिहार-झारखंड के मंत्री रहे माधव लाल सिंह का आज सुबह लगभग सवा नौ बजे रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।
प्रभारी प्राचार्य सुदामा तिवारी ने कहा कि स्व. माधव लाल सिंह तेनुघाट महाविद्यालय में कई वर्षों तक सचिव के पद पर कार्यरत रहे और संस्थान के विकास में उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा। वे गोमिया विधानसभा क्षेत्र के लंबे समय तक बेदाग छवि वाले विधायक रहे।
उन्होंने यह भी बताया कि उन्हें एक बार उत्कृष्ट विधायक के रूप में विधानसभा द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। धार्मिक प्रवृत्ति और भक्ति में लीन रहने के कारण वे झारखंड न्याय बोर्ड के अध्यक्ष पद पर भी आसीन रह चुके थे।
सुदामा तिवारी ने कहा कि एकादशी के पावन दिन उनका स्वर्गवास होना उनके सत्कर्मों और सादगीपूर्ण जीवन का प्रतीक है।
इस मौके पर महाविद्यालय के सभी कर्मचारी एवं अन्य लोग उपस्थित थे और सभी ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।