घाघरा संवाददाता : प्रेम कुमार साहू,
घाघरा थाना क्षेत्र के एक निवासी ने थाना में पदस्थापित एक एसआई पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक, गुमला को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायतकर्ता संजय कुमार सिंह ने आरोप लगाया है कि एसआई राहुल कुमार पासवान ने न केवल उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, बल्कि कथित रूप से पैसे की मांग भी की।
दिए गए आवेदन के अनुसार, संजय कुमार सिंह के खिलाफ घाघरा थाना कांड संख्या 82/24, एससी-एसटी एक्ट के तहत 5 अक्टूबर 2024 को मामला दर्ज किया गया था। इस मामले में अन्य लोगों के नाम भी केस के अनुसंधानकर्ता द्वारा जोड़े गए हैं।
संजय ने बताया कि 28 और 30 अप्रैल को उन्हें जाति प्रमाण पत्र जमा करने के लिए नोटिस दिया गया था, जिसकी अंतिम तिथि 1 मई निर्धारित की गई थी। हालांकि, 1 मई को सरकारी अवकाश होने और स्वयं सामान्य वर्ग से संबंधित होने के कारण उन्होंने स्थानीय मुखिया से सलाह लेने के बाद 3 मई को प्रमाण पत्र बनवाया।
शिकायत में कहा गया है कि 4 मई की सुबह लगभग 9 बजे उन्होंने केस के आईओ राहुल कुमार पासवान को फोन कर दस्तावेज जमा करने की जानकारी दी। आईओ ने उन्हें थाना के बाहर रुकने को कहा। इसके बाद जब वे थाना पहुंचे और सूचना दी, तो एसआई स्वयं वहां आए और उन्हें अंदर ले गए।
संजय का आरोप है कि थाना परिसर में ले जाने के बाद एसआई ने उनसे कथित तौर पर कहा कि केस के कारण उन्हें हाई कोर्ट आना-जाना पड़ रहा है और खर्च भी हो रहा है, इसलिए सभी आरोपियों से 10-10 हजार रुपये देने को कहा गया। जब उन्होंने इतनी राशि देने से इनकार किया, तो उनसे उनके हिस्से के 10 हजार रुपये देने को कहा गया।
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उन्होंने असमर्थता जताई और 3 हजार रुपये देने की बात कही, तो एसआई कथित रूप से नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने कॉलर पकड़कर गाली-गलौज करते हुए उन्हें थाना के स्वागत कक्ष से सिरिस्ता कक्ष तक ले गए और जमीन पर बैठने के लिए मजबूर किया। साथ ही एक सप्ताह के भीतर 10 हजार रुपये नहीं देने पर जेल भेजने की धमकी भी दी गई।
घटना से आहत संजय कुमार सिंह ने आशंका जताई है कि उन्हें किसी अन्य मामले में भी फंसाया जा सकता है। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच के लिए थाना परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच कराने और दोषी पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
एसआई का पक्ष :
इस मामले में जब एसआई राहुल कुमार पासवान से फोन पर संपर्क कर उनका पक्ष जानने की कोशिश की गई, तो उन्होंने सभी आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि “ऐसी कोई घटना नहीं हुई है, मुझे इस संबंध में कुछ जानकारी नहीं है।”