पाकुड़ में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी भारी, 39 वाहनों पर कार्रवाई, 2.27 लाख का जुर्माना
Pakud News

रिपोर्ट : निशांत कुमार सानू,
पाकुड़ संवाददाता।: सड़क पर मनमानी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जिले में चलाये गये विशेष वाहन जांच अभियान में 39 वाहन नियमों की अनदेखी करते पकड़े गये, जिनसे कुल 2 लाख 27 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया की गयी। कार्रवाई की जद में बाइक, टोटो-टेंपो से लेकर कोयला ढोने वाले भारी व्यावसायिक वाहन तक शामिल रहे।
बिना हेलमेट से लेकर बिना नंबर प्लेट तक, हर मोर्चे पर कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी की मौजूदगी में करीब 50 से 60 वाहनों की जांच की गयी। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले 13 चालकों पर ऑनलाइन चालान करते हुए 29 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। वहीं बिना नंबर प्लेट चल रहे नौ टोटो और टेंपो चालकों से 18 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया।

कोयला वाहनों की जांच में खुलीं नियमों की परतें
आमड़ापाड़ा-शहरग्राम-पाकुड़ मार्ग पर कोयला ढुलाई करने वाले वाहनों पर भी विभाग ने शिकंजा कसा। जांच में कई वाहनों में तिरपाल नहीं मिला। कुछ चालक वैध ड्राइविंग लाइसेंस और ऑथराइजेशन लेटर नहीं दिखा सके। अतिरिक्त हाई बीम लाइट, प्रदूषण प्रमाणपत्र, इंश्योरेंस और फिटनेस जैसे जरूरी दस्तावेजों में भी खामियां मिलीं।
इन अनियमितताओं को लेकर 17 कोयला वाहनों से 1 लाख 80 हजार 500 रुपये जुर्माना वसूलने की प्रक्रिया की गयी।
अब कहीं भी हो सकती है अचानक जांच
परिवहन विभाग ने साफ किया है कि वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में स्थान और समय बदलकर जांच की जायेगी। विभाग ने वाहन चालकों को हेलमेट, सीट बेल्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस, फिटनेस, परमिट और प्रदूषण प्रमाणपत्र समेत सभी जरूरी कागजात दुरुस्त रखने की हिदायत दी है। पुराने ई-चालान का भुगतान नहीं करने वाले वाहनों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी।
![]()




