पाकुड़ संवाददाता।
पाकुड़: जिले में आयुष विभाग द्वारा विभिन्न प्रखंडों में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 151 लोगों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। साथ ही जरूरतमंद मरीजों को मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
जानकारी के अनुसार, यह शिविर महेशपुर प्रखंड के धमखापाड़ा, पाकुड़िया तथा पाकुड़ प्रखंड अंतर्गत शहरकोल पंचायत भवन के पत्थरडांगा में आयोजित किए गए। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों का रक्तचाप, मधुमेह, जोड़ एवं गठिया सहित बच्चों से संबंधित बीमारियों की जांच की गई।
शिविर में मौजूद चिकित्सकों—डॉ. राजेश कुमार, डॉ. बीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा, डॉ. मो. अबू तालिब शेख एवं डॉ. कुलेश कुमार—ने बताया कि आयुष पद्धति के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और इस पहल की सराहना की। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे शिविरों से गांव स्तर पर ही स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने से उन्हें काफी राहत मिलती है।