रिपोर्टर: अनुज तिवारी,
सदर प्रखंड क्षेत्र के किशुनपुर में बसंत पंचमी के पावन अवसर पर ज्ञान की देवी मां सरस्वती की पूजा बड़े ही श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर क्षेत्रवासी भक्ति के रंग में रंगे नजर आए और विधि-विधान के साथ मां सरस्वती की आराधना की।
इतना ही नहीं, आसपास के क्षेत्रों में स्थित विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों तथा सामाजिक क्लबों में भी ज्ञान की देवी मां सरस्वती की प्रतिमाएं स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन किया गया।
इस दौरान पुरोहितों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ पूजा संपन्न कराई गई, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। पूजा पंडालों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था तथा सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ पूजा पंडालों में देखी गई।
वहीं प्रखंड क्षेत्र के युवा समाजसेवियों का भी पूजा पंडाल भ्रमण के लिए तांता लगा रहा। इसी क्रम में लहलहे पंचायत के युवा पंचायत समिति सदस्य प्रतिनिधि सुभाष तिवारी ने विभिन्न पूजा पंडालों का भ्रमण कर मां सरस्वती का प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने की अपील की तथा विसर्जन जुलूस को शांतिपूर्वक संपन्न कराने का अनुरोध किया।