रिपोर्टिंग: प्रेम कुमार साहू,
घाघरा प्रखंड के रन्हे स्टेडियम में चिल्ड्रेन एकेडमी स्कूल द्वारा आयोजित दो दिवसीय अंतर विद्यालय खेलकूद प्रतियोगिता सोमवार को संपन्न हो गई। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सीआरपीएफ के डीआईजी रविंद्र भगत ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर तथा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रतियोगिता में घाघरा एवं बिशनपुर प्रखंड के 11 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। दो दिनों तक चले इस आयोजन में लॉन्ग जंप, रिले रेस, दौड़, हाई जंप सहित विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाएँ आयोजित की गईं।
इसके अलावा अंडर-14 फुटबॉल टीम को विशेष सम्मान देते हुए बैग भेंट कर प्रोत्साहित किया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए डीआईजी रविंद्र भगत ने कहा कि “खेल सिर्फ जीत और हार का नाम नहीं, बल्कि यह अनुशासन, मेहनत, टीमवर्क और आत्मविश्वास को विकसित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। घाघरा और बिशनपुर क्षेत्र के बच्चों में जो उत्साह और प्रतिभा दिखाई दे रही है, वह भविष्य की अपार संभावनाओं का संकेत है।”
कार्यक्रम में विजय कुमार साहू, मुकेश सिंह सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएँ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।