बरहरवा।तीनपहाड़ थाना क्षेत्र के मछली पट्टी के पास पुलिस ने चोरी के आठ मोबाइल फोन के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बीते बुधवार की रात साहिबगंज पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर राजमहल एसडीपीओ के नेतृत्व में एंटी क्राइम टीम द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।
रात्रि लगभग एक बजे, एक स्कूटी पर सवार दो युवक जब तीनपहाड़ रेलवे स्टेशन से बाबुपुर की ओर जा रहे थे, तो मछली पट्टी के पास चेकिंग देख भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान उनके पास से दो एंड्रॉइड मोबाइल और स्कूटी की डिक्की से छह आईफोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने स्कूटी को जब्त करते हुए दोनों आरोपितों — मन्नू महतो और संदीप नोनिया (निवासी बाबुपुर) — को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
जांच दल में थाना प्रभारी मृत्युंजय कुमार पांडेय, एसआई महेंद्र कुमार, एएसआई ललन राजवार, तथा पुलिस बल के अन्य सदस्य शामिल थे।