आंगनबाड़ी केंद्रों में गूंजा पोषण का संदेश,‘आंगन मिलन’ में बच्चों को बांटा पौष्टिक आहार
Sahibganj News

साहिबगंज:-सेवा संकल्प अभियान-2026 के तहत सोमवार को साहिबगंज ग्रामीण मंडल के महादेवगंज स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन’ सेवा कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम में बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, टीकाकरण और स्वच्छता को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। राजमहल विधानसभा क्षेत्र के निवर्तमान विधायक अनंत कुमार ओझा और भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव मुख्य रूप से मौजूद रहे।
स्वस्थ बचपन पर फोकस, अभिभावकों को किया जागरूक
निवर्तमान विधायक अनंत कुमार ओझा ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य और पोषण मजबूत समाज की बुनियाद है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों के प्रारंभिक विकास को मजबूत करने और उन्हें नियमित पौष्टिक आहार उपलब्ध कराने पर जोर दिया। अभिभावकों से बच्चों का समय पर टीकाकरण कराने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की अपील की गयी।

सेविका-सहायिकाओं का बढ़ाया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सेविका उषा देवी, सहायिका चंचला देवी, सेविका पूनम देवी और सहायिका शोमा देवी को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। इससे आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की देखभाल और पोषण व्यवस्था में योगदान देने वाली सेविका-सहायिकाओं का उत्साह बढ़ा।
बच्चों के बीच बांटे फल, केला और बिस्कुट
कार्यक्रम में बच्चों के बीच पौष्टिक आहार के साथ फल, केला और बिस्कुट वितरित किये गये। आयोजन का उद्देश्य बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ सेवा कार्यों को जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचाना रहा।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम कुमार यादव, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष अनुराग राहुल, जिला मंत्री चांदनी देवी, निवर्तमान जिला मंत्री मनोज यादव, महिला मोर्चा अध्यक्ष सुनीता देवी, मंडल उपाध्यक्ष निशा देवी, शक्ति केंद्र संयोजक कुंदन कुमार मंडल समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।
![]()




