बरहड़वा। क्षेत्र की जर्जर सड़कों के निर्माण को लेकर बरहरवा की विधायक निसात आलम ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से रांची स्थित उनके कार्यालय में मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। विधायक ने बताया कि केलाबाड़ी, दिग्घी बरहरवा, रामनगर, सिरासिन, फुटानी मोड़ होते हुए बंगाल सीमा तक की सड़क की हालत काफी खराब है,
जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग क्षेत्र के लोगों के लिए लाइफलाइन है और इसके पुनर्निर्माण की अत्यंत आवश्यकता है। मुख्यमंत्री ने इस पर पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हुए जल्द पहल करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार, इस मार्ग के समानांतर एनएचएआई की ओर से नई सड़क का निर्माण भी प्रस्तावित है, लेकिन उसमें समय लगने की संभावना है।फिलहाल पुरानी सड़क की जर्जर हालत को देखते हुए मुख्यमंत्री ने संबंधित विभाग को डीपीआर तैयार करने और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश दिए हैं, ताकि जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू हो सके।