बरहरवा, शुक्रवार – पंचायत राज विभाग के तत्वावधान में बरहरवा प्रखंड सभागार कक्ष में पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 1.0) विषय पर एक दिवसीय प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) सन्नी कुमार दास ने की, जबकि शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यशाला में उप प्रमुख अब्दुल कादिर, थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. पंकज कर्मकार, पंचायती राज पदाधिकारी शुभम कुमार सहित कई अन्य अधिकारी एवं पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
मास्टर ट्रेनर शुभम कुमार ने कार्यशाला में पंचायत उन्नति सूचकांक की विस्तृत जानकारी साझा करते हुए बताया कि यह सूचकांक पंचायतों के शासन व्यवस्था, सेवा वितरण, जनसुनवाई, योजना क्रियान्वयन, सामाजिक समावेशिता, वित्तीय प्रबंधन एवं नवाचार जैसे विभिन्न पहलुओं पर मूल्यांकन करता है। इसका उद्देश्य पंचायतों की क्षमताओं की पहचान कर उन्हें और अधिक सशक्त एवं जवाबदेह बनाना है।
बीडीओ सन्नी कुमार दास ने कहा कि यह सूचकांक पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मियों के लिए मार्गदर्शक की भूमिका निभाएगा। इससे ग्राम पंचायतों की रैंकिंग तय की जाएगी और बेहतर प्रदर्शन करने वालों को प्रोत्साहित किया जाएगा। उन्होंने सभी प्रतिनिधियों और कर्मियों से इस प्रक्रिया को गंभीरता से अपनाने की अपील की।
थाना प्रभारी सुमित कुमार सिंह ने कहा कि पंचायत स्तर पर सुशासन तभी संभव है जब शांति और विधि-व्यवस्था बनी रहे। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से सहयोग की अपील की।
डॉ. पंकज कर्मकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने पर बल देते हुए इसमें पंचायतों की भागीदारी को अहम बताया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को ग्राफ, आंकड़ों, प्रपत्रों और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से सूचकांक को प्रभावी रूप से लागू करने की विधि सिखाई गई। मौके पर मुखिया, पंचायत सचिव, रोजगार सेवक, प्रखंड कर्मी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।