लातेहार:- प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग, कार्मिक लोक शिकायत तथा पेंशन मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा 19 दिसंबर से 24 दिसंबर तक “सुशासन सप्ताह” मनाया जा रहा है।
सोमवार को समाहरणालय सभागार में सुशासन सप्ताह–”प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस दौरान अपर समाहर्ता श्री रामा रविदास के द्वारा दीप प्रज्वलित कर “प्रशासन गांव की ओर” से संबंधित कार्यशाला का विधिवत शुभारंभ किया गया।
मौके पर अपर समाहर्ता ने कार्यशाला को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशासन गांव की ओर एक अति महत्वपूर्ण बिंदु है। प्रशासन की पहुंच गांव तक होनी चाहिए।
“प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान कर बेरोजगार युवाओं, इक्षुक महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के उचित प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि वंचित लोगों को भी मुख्य धारा में लाया जा सके और गांव की विकास को बढ़वा दिया जा सकें।
आगे उन्होने कहा कि इस कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत ही महत्वपूर्ण है, गांव का विकास बगैर उनके संभव नहीं है।
सभी के सहयोग और समन्वय से इस कार्यक्रम को सफल बनाया जा सकेगा। केंद्र व राज्य सरकार की ओर से संचालित सुशासन सप्ताह के तहत क्रियान्वित होने वाली लोक कल्याणकारी योजनाओं से लोगों को अवगत कराया जा रहा है तथा योजनाओं से संबंधित समस्याओं को यथासंभव ऑन द स्पॉट निबटारा किया जा रहा है।
शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और सरकारी योजनाओं का फायदा अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
कार्यशाला में विषय पर चर्चा करते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मियों को कई आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिये गए।
इसके अलावा सुशासन सप्ताह के तहत “प्रशासन गांव की ओर” कार्यक्रम के माध्यम से अपर समाहर्ता ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और स्कूली बच्चों के साथ संवाद किया। साथ ही इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा बनाए गए वीडियो का प्रसारण किया गया।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार श्री अजय कुमार रजक, सिविल सर्जन डॉ अवधेश कुमार सिंह, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, जिला योजना पदाधिकारी श्री समीर कुल्लू, जिला खनन पदाधिकारी श्री नदीम सफी अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।