लातेहार:- जिले में कई निजी नर्सिंग होम अवैध रूप से संचालित है, जिनकी लापरवाही के कारण कई महिलाओं एवं पुरुषों को जान से भी हाथ धोना पड़ा है l इसी कड़ी में बरियातू में संचालित कल्याणी नर्सिंग होम के संबंध में कल रक्षाबंधन के दिन उपाध्यक्ष अनीता देवी को यह सूचना मिली कि अवैध रूप से संचालित मां कल्याणी नर्सिंग होम में झोलाछाप के द्वारा महिलाओं का सिजेरियन किया जा रहा है l
सूचना प्राप्त होते ही उपाध्यक्ष के द्वारा तुरंत ही चिकित्सा पदाधिकारी, बालूमाथ ; अनुमंडल पदाधिकारी लातेहार एवं सिविल सर्जन, लातेहार को सूचित किया गया l सूचना मिलने के तुरंत बाद लातेहार सिविल सर्जन के द्वारा टीम बनाकर चिकित्सा प्रभारी बालूमाथ के नेतृत्व में अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम में औचक छापामारी की गई l छापामारी की सूचना लीक होने के कारण नर्सिंग होम संचालक पूरी टीम के साथ बगल के भवन में जाकर अंदर से दरवाजा बंद कर दिया l टीम के द्वारा काफी प्रयास करने के बाद भी दरवाजा नहीं खोला गया l
लेकिन यह पुख्ता जानकारी मिली कि साल्वे पंचायत के अलखडीहा ग्राम निवासी सुबोध उरांव की पत्नी संगीता उरांव का ऑपरेशन झोलाछाप के द्वारा किया गया है l सिविल सर्जन लातेहार के द्वारा बताया गया कि अवैध नर्सिंग होम को सील करने की कार्रवाई की जा रही है l उन्होंने यह भी बताया कि वह स्वयं भी अवैध रूप से संचालित नर्सिंग होम का निरीक्षण करने के लिए गए थे लेकिन उस वक्त वहां पर ताला लगा हुआ था l उन्होंने बताया कि नर्सिंग होम के विरुद्ध दो दिनों के अंदर विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी lऐसी सूचना प्राप्त हो रही है की क्षेत्र की नर्स जीवन तिर्की के द्वारा रोगियों को पहले भी बहलाकर फुसलाकर इस प्रकार के अवैध रूप से संचालित निजी क्लीनिक में ले जाया गया है l
यह भी ज्ञात हो कि पूर्व में इसी नर्सिंग होम के संचालक के द्वारा मां उग्रतारा नर्सिंग होम का संचालन इसी स्थान पर किया जा रहा था l जिसे उपाध्यक्ष महोदया के द्वारा जोर शोर से आवाज उठाने के बाद उस नर्सिंग होम को सील कर दिया गया था l
उपाध्यक्ष ने इसमें संलिप्त सरकारी कर्मियों पर भी कार्रवाई की बात सिविल सर्जन से कही है lजिला परिषद उपाध्यक्ष के द्वारा किए गए कार्य की सराहना क्षेत्र के सभी लोगों के द्वारा की जा रही है लेकिन अब प्रश्न यह उठता है कि इस प्रकार के विधिविरुद्ध एवम अमानवीय कार्य करने वाले नर्सिंग होम के विरुद्ध जिला प्रशासन क्या कार्रवाई करता है ?