दुर्गा पूजा को लेकर बारियातु,महुआडांड़ व नेतरहाट में शांति समिति की बैठक
सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर जोर,पंडालों में सुरक्षा मानकों के पालन की अपील

लातेहार संवाददाता। आगामी दुर्गा पूजा त्योहार को लेकर मंगलवार को बारियातु, महुआडांड़ एवं नेतरहाट थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित शांति समिति के सदस्य एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए। इस दौरान त्योहार के दौरान क्षेत्र में शांति, सौहार्द और कानून-व्यवस्था बनाए रखने को लेकर विस्तार से चर्चा की गयी।

बैठक में पूजा समितियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों से दुर्गा पूजा के दौरान पंडालों में सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की गयी। अधिकारियों ने असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का आग्रह किया।
त्योहार के दौरान भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर भी चर्चा हुई। प्रशासन ने आम लोगों से यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने तथा निर्धारित नियमों का पालन करने की अपील की।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाना सभी की जिम्मेदारी है। किसी भी प्रकार की अफवाह या विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय तत्काल पुलिस-प्रशासन को सूचना देने की अपील की गयी।
![]()





