नंदन पहाड़ से एटीएम उखाड़ ले जाने के मामले में पुलिस को मिले सुराग
एटीएम बरामद, करीब पांच लाख रुपये की रकम और आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से बाहर:बिहार कनेक्शन की भी जांच

देवघर संवाददाता। देवघर के नंदन पहाड़ इलाके से एटीएम उखाड़कर ले जाने की सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी प्रवीण पुष्कर के निर्देश पर विशेष जांच टीम गठित की गयी है। पुलिस की लगातार छापेमारी और तकनीकी जांच के बीच एटीएम के कुछ अवशेष बरामद होने से जांच को अहम दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ी है।
देवघर एसडीपीओ कुलदीप कुमार ने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

एसपी प्रवीण पुष्कर के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही बिहार और पश्चिम बंगाल की सीमा से लगे इलाकों में जांच अभियान शुरू कर दिया गया था। कटोरिया क्षेत्र में भी पुलिस ने संदिग्धों की तलाश में जांच की। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, संदिग्ध कटोरिया पहुंचने से पहले ही अपना रास्ता बदलकर फरार हो गये।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना को अंजाम देने वालों के आदतन अपराधी होने की आशंका जतायी जा रही है। साथ ही बिहार के किसी गिरोह की संभावित संलिप्तता को लेकर भी जांच की जा रही है। हालांकि, पुलिस ने इस संबंध में अभी किसी गिरोह की पुष्टि नहीं की है।
देर शाम तक पुलिस ने एटीएम का पता लगा लिया। हालांकि, एटीएम में मौजूद करीब पांच लाख रुपये की रकम और घटना में शामिल संदिग्धों तक पुलिस अभी नहीं पहुंच सकी है। रकम की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जांच जारी है।
घटना की कड़ियां जोड़ने के लिए तकनीकी टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। वहीं, नंदन पहाड़ और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस एटीएम को ले जाने के दौरान संदिग्धों के संभावित मार्ग और उनकी पहचान से जुड़े सुराग तलाश रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और अब तक मिले सुरागों को जोड़कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। मामले में आगे और गिरफ्तारी या बरामदगी होने की संभावना जतायी गयी है।
![]()





